बंगाल ब्यूरो
कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष ने दावा किया है कि राज्य में संपन्न हो चुके छह चरणों के मतदान में उनकी पार्टी को बहुमत से अधिक का आंकड़ा मिल चुका है। शनिवार सुबह मीडिया से मुखातिब घोष ने कहा कि छह चरणों के चुनाव बीत चुके हैं। इसमें भाजपा 160 सीटें जीत चुकी है। बाकी दो चरणों में 200 से अधिक जीत जाएंगे। ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए दिलीप घोष ने कहा कि जो खेल खेलने आए थे उनका खेल खत्म हो गया है। बंगाल की महिलाओं ने माकपा शासन से त्रस्त होकर ममता बनर्जी को सिंहासन पर बैठाया था लेकिन अब वही महिलाएं त्राहिमाम कर रही हैं। अब ममता बनर्जी को वहीं महिलाएं विसर्जन करेंगी। इसकी व्यवस्था हो गई है। इस बार महिलाएं निर्णायक भूमिका निभाएंगी।