बंगाल ब्यूरो
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में एनडीए को छोड़कर ममता बनर्जी का समर्थन करने वाले गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के बहुचर्चित नेता बिमल गुरुंग के करीबी को सिक्किम में गिरफ्तार किया गया है। उनका नाम लोपसांग लामा नामची है। सिक्किम में उन्हें यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उसने एक नाबालिग बच्ची का यौन उत्पीड़न किया है। लोपसांग के खिलाफ प्रोटक्शन आफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेस (पॉक्सो) एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है जो गैर जमानती है। इसे लेकर पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल है। इसकी वजह है कि पहाड़ पर लोकसभा चुनाव के दौरान तृणमूल कांग्रेस काफी कमजोर थी और सभी सीटों पर भारतीय जनता पार्टी की जीत हुई थी। इस बार भारतीय जनता पार्टी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाकर विमल गुरुंग ममता के पक्ष में हैं और तृणमूल कांग्रेस उनके सहारे गोरखा समुदाय के बीच अपना जनाधार बढ़ाने की कोशिश कर रही है। सूत्रों ने बताया है कि बिमल गुरुंग का करीबी यह नेता इस बार कलिंगपोंग विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार भी बनने वाला था। इसके अलावा गोरखा जनमुक्ति मोर्चा का कार्यकारी अध्यक्ष भी थे। इसलिए उनकी गिरफ्तारी को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगने लगे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामले होने की वजह से उनकी गिरफ्तारी की गई है। इसका राजनीति से कोई लेना देना नहीं है। अब इस गिरफ्तारी के बाद उनकी उम्मीदवारी पर संशय के बादल मंडरा रहे हैं।