vijay shankar

पटना 11 जनवरी : 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा को शिकस्त देने के लिए कांग्रेस ने कमर कस ली है। इसी को ध्यान में रखते हुए बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष डा0 अखिलेश प्रसाद सिंह ने गुरूवार को बिहार कांग्रेस मुख्यालय में चुनाव के संचालन के लिए वार रूम के गठन की घोषणा की। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधान पार्षद प्रेमचन्द्र मिश्रा को वार रूम का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। उनके नाम की घोषणा डा0 सिंह ने की। वार रूम सीधे तौर पर दिल्ली के 24 अकबर रोड स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के मुख्यालय से जुड़ा होगा। वार रूम का गठन आगामी लोकसभा चुनाव से संबंधित कांग्रेस पार्टी के अक्रामक प्रचार -प्रसार को धार देने की नीयत से किया गया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने सदाकत आश्रम में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश नेतृत्व के साथ राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी की उपस्थिति में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जी के साथ बैठक में यह तय हुआ था कि वार रूम का गठन किया जाय। इसमें प्रदेश प्रभारी मोहन प्रकाश के अलावा विधायक दल के नेता डा0 शकील अहमद खान भी प्रदेश अध्यक्ष के साथ मौजूद थे।

प्रेसवार्त्ता का आयोजन राहुल गांधी के भारत जोड़ो न्याय यात्रा से संबंधित बुकलेट जारी करने के लिए किया गया था। प्रेस वार्ता को कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने भी सम्बोधित किया एवं मोदी के दस साल के शासन का काला चिट्ठा खोला।

मीडिया के सवालों का जबाब देते हुए प्रदेश अध्यक्ष डा0 सिंह ने कहा कि इंडिया गठबंधन में सीट शेयरिंग पर कोई पेंच नहीं है और वे बातचीत की प्रगति से संतुष्ट हैं। इसके साथ-साथ उन्होंने यह भी साफ किया कि किशनगंज कांग्रेस की सिटिंग सीट है और उसपर कोई विवाद नहीं है। सीट शेयरिंग में हो रही देरी पर मीडिया के सवाल का जबाब देते हुए कहा कि हमें कोई हड़बड़ी नहीं है और भाजपा में भी अभी सीट शेयरिंग नहीं हुआ है।

प्रेसवार्त्ता में शामिल नेताओं में हैं कांग्रेस विधायक दल के नेता डा0 शकील अहमद खान, पूर्व अध्यक्ष डा0 मदन मोहन झा, पूर्व मंत्री वीणा शाही, विजय शंकर दूबे, प्रेमचन्द्र मिश्रा, विधायक विजेन्द्र चैधरी, विनय वर्मा, लाल बाबू लाल, ब्रजेश पाण्डेय, राजेश राठौड़, ब्रजेश प्रसाद मुनन इत्यादि।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *