बिहार को मिली पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात

प्रधानमंत्री ने भोपाल से 5 वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, रांची और पटना के बीच में चलेगी वंदे भारत एक्सप्रेस
पहले दिन यात्रियों से खचाखच भरी ट्रेन रवाना हुई
बिहार को भी पहली एक्सप्रेस ट्रेन की मिली सौगात
नव राष्ट्र मीडिया
पटना।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से देश की 5 नई वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पटना जंक्शन से रांची के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस रवाना हुई। उद्घाटन दिवस के मौके पर ट्रेन पर सवार होने के लिए यात्रियों की काफी भीड़ थी।
पीएम मोदी ने पहले रांची-पटना, धारवाड़-केएसआर बेंगलुरु और गोवा (मडगांव)-मुंबई को वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बाद में मध्यप्रदेश की दो वंदे भारत भोपाल-इंदौर और रानी कमलापति-जबलपुर को झंडी दिखाई। ये दोनों ट्रेन एक साथ रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से रवाना हुईं।
इससे पहले पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘ये ट्रेनें मध्यप्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गोवा, बिहार और झारखंड में कनेक्टिविटी में सुधार करेंगी। प्रधानमंत्री भोपाल से मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ चुनाव और 2024 लोकसभा इलेक्शन के लिए चुनाव प्रचार की शुरुआत करने आए हैं। भोपाल के लाल परेड ग्राउंउ में ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ अभियान के तहत 543 लोकसभाओं के 10 लाख और मध्यप्रदेश के 64,100 बूथ के कार्यकर्ताओं को डिजिटली संबोधित करेंगे।
यहां सभी राज्यों के विधानसभा क्षेत्रों से 3 हजार कार्यकर्ता भी मौजूद हैं। प्रधानमंत्री इनसे सीधा संवाद करेंगे। देश में इस समय 18 वंदे भारत ट्रेन चल रही हैं। पहली वंदे भारत ट्रेन 2019 में नई दिल्ली-वाराणसी के बीच चलाई गई थी। इसके बाद नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच वंदे भारत ट्रेन चली थी। वंदे भारत ट्रेन पिछले साल गांधीनगर से मुंबई के बीच चलाई गई थी। रेलवे लगातार नए रूट्स पर वंदे भारत ट्रेन चला रहा है। उधर, जहानाबाद के सांसद चंदेश्वर चंद्रवंशी ने रेल मंत्री को ज्ञापन सौंपकर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव जहानाबाद में करने की मांग की है।