367 गांव में बाढ़ का पानी, 4,04,874 लोग संकट में
कटिहार ब्यूरो ,
कटिहार। जिले में गंगा एवं कोशी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बहने और उसमें लगातार वृद्धि होने की वजह से 4,04,874 लोग बाढ़ की चपेट में आ गये। कटिहार के कुर्सेला, बरारी, समेली, कोढ़ा, प्राणपुर, मनसाही, मनिहारी तथा अमदाबाद प्रखंड के 70 पंचायत अन्तर्ग 367 गांव में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। कृषि योग्य 16,500 हेक्टेयर जमीन जलमग्न होने के कारण अब तक 14,822 हेक्टेयर में लगी फसल को बाढ़ की पानी से क्षति हुई है।
जिला पदाधिकारी उदयन मिश्रा ने सोमवार को बताया कि 112 सरकारी तथा 142 निजी नावों को राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया है। बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविरों में रखा जा रहा है और उनके भोजन की व्यवस्था सामुदायिक रसोई से की गई है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में कोविड-19 टीकाकरण भी जारी है और स्वास्थ्य कर्मी नावों की मदद से लोगों तक पहुंच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 232 स्वास्थ्य केंद्र चलाये जा रहे हैं जिसमें 9092 लोगों का अबतक इलाज किया गया। इसी तरह पालतू पशुओं के लिए दस कैम्प लगाया गया है जिसके माध्यम से अबतक 2364 पशुओं का उपचार किया गया। राहत शिविर के आसपास 650 किलोग्राम ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया। बाढ़ पीड़ितों के बीच 16,486 पैकेट सुख राशन का पैकेट (चूड़ा, गुड़, सत्तू, नमक, चीनी आदि) का वितरण किया गया है। उन्होंने बताया कि आपदा राहत केंद्र और सामुदायिक रसोईघर के माध्यम से अबतक 14,65,937 लोगों ने भोजन किया।