सुबोध, ब्यूरो किशनगंज
किशनगंज 14 सितंबर ।हिन्दी दिवस के शुभ अवसर पर दस वर्षीय संस्कृति चौधरी द्वारा लिखी गयी पुस्तक का समाहरणालय वेश्म में जिलाधिकारी विशाल राज के कर कमलों से विमोचन किया गया। जिलाधिकारी ने संस्कृति को बधाई दी और क्षेत्र के अन्य छात्राओं को भी इससे प्रेरणा लेने की बात कही। वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी नासिर हुसैन ने भी संस्कृति को बधाई एवं हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। वही उन्होंने संस्कृति के लिए उज्जवल भविष्य की कामना की।
बता दें कि दस वर्ष की उम्र में संस्कृति चौधरी ने एक पुस्तक लिखी है जिसमें पच्चीस बाल कथाओं का संग्रह है जो बच्चों के नैतिक मूल्यों पर आधारित है। संस्कृति इतनी कम उम्र में पुस्तक लिखने वाली बिहार की पहली छात्रा है। संस्कृति अभी कक्षा पांचवी में नया प्राथमिक विद्यालय सुहागी में पढ़ रही है। बचपन से ही संस्कृति की रुचि कहानियों में रही है। इसी रूचि के कारण प्रेरित होकर बाल कथा लिखने की शुरुआत की और पच्चीस बाल कथाएं लिख कर एक पुस्तक बना डाली। वही संस्कृति द्वारा लिखी कहानियों से प्रभात प्रकाशन इतनी प्रभावित हुई कि उनके द्वारा निःशुल्क ही पुस्तक का प्रकाशन किया गया है।
इस अवसर इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव मिक्की साहा, महिला हेल्प लाइन से शशि शर्मा एवं प्रेम कुमार इत्यादि प्रमुख उपस्थित थे।
