सदाकत आश्रम में प्रदेश महिला कांग्रेस की ओर से मना नारी न्याय सम्मान समारोह
vijay shankar
पटना 10 मार्च : कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में रविवार को एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसका आयोजन प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष शरवत जहां फातिमा द्वारा किया गया। इसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों जैसे शिक्षा, वकालत, समाजसेवा एवं व्यवसाय इत्यादि से जुड़ी दस महिलाओं को अपने-अपने क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान के लिए नारी न्याय सम्मान से नवाजा गया। नारी न्याय से सम्मानित महिलाओं में शामिल हैं आरजे बरखा, अनुपमा, रोली मिश्रा, राखी,सरोज,मधुबाला, मंजू झा, राहिणी इत्यादि। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा0 अखिलेश प्रसाद सिंह ने महिला शक्ति को सम्मानित किया। गौरतलब है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा जारी भारत जोड़ो न्याय यात्रा जिन पांच विन्दुओं पर केन्द्रित है उसमें नारी न्याय भी एक है।
सम्मान समारोह को सम्बोधित करते हुए डा0 अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि समाज में आधी आबादी अभी भी न्याय के लिए भटक रही है। जिसके बिना जिन्दगी अधूरी हो उसके साथ अन्याय हो रहा हो तो यह समाज का दायित्व है कि उसके लिए आवाज बुलंद करें। जिस समाज में महिला का सम्मान न हो वैसा समाज अराजक कहलाता है।
सम्मान समारोह में शामिल होने वाले नेताओं में प्रमुख हैं कांग्रेस विधान परिषद दल के नेता डा0 मदन मोहन झा, विधायक संजय तिवारी, विश्वनाथ राम, ब्रजेश प्रसाद मुनन, राज कुमार राजन, ब्रजेश पाण्डेय, रीता सिंह एवं मधुबाला।