ग्रामीणों में दहशत, बोले — “पेंच पार्क के कारण जानवरों में खत्म हुआ डर”

 

Yogesh suryawanshi 17 अक्टूबर, शुक्रवार

 

सिवनी/पिपरवानी : कुरई वन सामान्य परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पिपरवानी में आज दोपहर करीब 12 बजे एक दर्दनाक घटना घटी, जब शेर ने मवेशी चराने गए चरवाहे खेमराज नान्हे पिता पांडुरंग (उम्र 55 वर्ष) पर अचानक हमला कर दिया।

 

हमले में खेमराज नान्हे गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने किसी तरह उसे बचाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर होने पर नागपुर रेफर कर दिया।

 

ग्रामीणों के अनुसार, बीते कुछ वर्षों में इस तरह की घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं। उनका कहना है कि पेंच नेशनल पार्क में प्रतिदिन बढ़ती पर्यटकों की आवाजाही से जंगली जानवरों में मानव का भय समाप्त हो गया है, जिसके कारण वे अब गांवों के आसपास घूमते और हमला करते हैं।

 

ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी यहां जंगल और जानवर थे, लेकिन इस तरह की घटनाएं नहीं होती थीं। अब पार्क के विस्तार और अनियंत्रित पर्यटन से इंसान और जानवर दोनों के जीवन पर खतरा बढ़ गया है।

 

वन विभाग की लापरवाही पर सवाल

 

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के बाद लगभग एक घंटे तक वन विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।

वन विभाग सामान्य परिक्षेत्र की डिप्टी रेंजर लक्ष्मी धुर्वे ने बताया कि “हमें इस घटना की कोई जानकारी नहीं है, संबंधित बीट का डिप्टी रेंजर तो मेरे साथ कुरई मुख्यालय में है।”

 

अधिकारियों ने क्या कहा

 

SDO (वन) योगेश पटेल ने कहा — “मुझे इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है, मैं फिलहाल अवकाश पर हूं।”

 

ग्रामीणों ने प्रशासन, वन विभाग और जनप्रतिनिधियों से इस पर गंभीरता से संज्ञान लेकर ठोस कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *