नवराष्ट्र मीडिया ब्यूरो
पटना। आयुक्त, पटना प्रमंडल, पटना कुमार रवि एवं पुलिस महानिरीक्षक, केन्द्रीय प्रक्षेत्र, पटना श्रीमती गरिमा मलिक ने आज सायंकाल जिला पदाधिकारी, पटना शीर्षत कपिल अशोक, वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना राजीव मिश्रा, नगर आयुक्त, पटना नगर निगम अनिमेष कुमार पराशर एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों के साथ रामनवमी पर्व के मद्देनजर डाक बंगला चौराहा, पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर एवं समीप के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, पेसू, भवन निर्माण, पथ निर्माण, यातायात एवं अन्य संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारियों के साथ अधिकारीद्व्य ने लगभग एक घंटे तक सम्पूर्ण क्षेत्र का पैदल भ्रमण किया। जीपीओ गोलम्बर, न्यू मार्केट तथा महावीर मंदिर के बीच के सभी प्रमुख स्थलों पर रूककर आयुक्त व पुलिस महानिरीक्षक ने यातायात प्रवाह देखा तथा अधिकारियों को जरूरी निदेश दिया।
जिला पदाधिकारी, पटना श्री शीर्षत कपिल अशोक ,वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना श्री राजीव मिश्रा एवं नगर आयुक्त श्री अनिमेष कुमार पराशर द्वारा आयुक्त श्री रवि के संज्ञान में तैयारियों को लाया गया। अधिकारियों ने कहा कि रामनवमी पर्व, 2024 के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासनिक दृष्टिकोण से श्रद्धालुओं की हर सुविधा का ख्याल रखा जाएगा। आयुक्त द्वारा लोकसभा चुनाव के आलोक में आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
आयुक्त श्री रवि ने कहा कि पर्व के अवसर पर उत्कृष्ट विधि-व्यवस्था संधारण, सुचारू यातायात प्रबंधन तथा सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी पदाधिकारी इसके लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहेंगे।
विदित हो कि इस वर्ष रामनवमी का त्योहार 17 अप्रैल, 2024 को मनाया जाएगा।
आयुक्त श्री रवि ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप प्रशासनिक दृष्टिकोण से हर तरह का प्रबंध किया जा रहा है। सार्वजनिक स्थलों पर भीड़ नियंत्रण के सभी उपायों को ध्यान में रखकर दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जा रही है। पुरूष एवं महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग पंक्तियों में कतारबद्ध ढंग से दर्शन की व्यवस्था रहेगी। बैरिकेडिंग मजबूत रहेगा। पटना जंक्शन के पास बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लि. द्वारा बनाए जा रहे सबवे के आलोक में भीड़ तथा यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने का निदेश दिया गया। मेडिकल कैम्प एवं अस्थायी नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। मे आई हेल्प यू काउण्टर भी क्रियाशील रहेगा। वीडियोग्राफी एवं सीसीटीवी से गतिविधियों पर नियंत्रण रखा जाएगा। शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाएगी। वाटर एटीएम एवं वाटर टैंकर की व्यवस्था रहेगी। चलंत शौचालय की व्यवस्था की जाएगी।
नगर निगम द्वारा स्वच्छता एवं प्रकाश की समुचित व्यवस्था रहेगी। डेडिकेटेड टीम 24X7 सक्रिय रहेगा।
आयुक्त श्री रवि ने कहा कि प्रशासन द्वारा सभी तैयारी तीव्र गति से की जा रही है। अनुमंडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को सड़क को अतिक्रमणमुक्त रखने का निदेश दिया गया है ताकि यातायात में कोई समस्या न हो।