बंगाल ब्यूरो
कोलकाता। भाजपा में बागी तेवर अख्तियार किए हुए अर्जुन सिंह को मनाने के लिए केंद्रीय नेतृत्व ने कमर कस ली है। उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को दिल्ली बुलाया है जहां वह रवाना हो गए हैं। दमदम हवाई अड्डे पर फ्लाइट पकड़ने से पहले मीडिया से मुखातिब अर्जुन सिंह ने एक बार फिर प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व पर सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा कि पार्टी में जो लोग किसी काम के नहीं हैं उन्हें अगर अहम जिम्मेदारियां दी जाएंगी और जिनका जनाधार बड़ा है उन्हें काम नहीं करने दिया जाएगा तो सवाल तो उठाने पड़ेंगे। सार्वजनिक तौर पर पार्टी के खिलाफ बयानबाजी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मैंने कभी भी पार्टी के खिलाफ बयान नहीं दिया है। वे लोग जो पार्टी को नुकसान पहुंचा रहे हैं उनके खिलाफ बोलना जरूरी है और अगर बोला जाएगा तो सार्वजनिक तौर पर ही बोलना ठीक रहेगा। नड्डा से मुलाकात के बाद समस्या समाधान के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात के बाद समाधान होगा। समाधान नहीं होने पर क्या करेंगे? इस बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष से पहले मुलाकात की जाए उसके बाद देखा जाएगा कि क्या करना है।
उल्लेखनीय है कि रविवार को भी अपने आवास पर मीडिया से मुखातिब अर्जुन सिंह ने कहा था कि प्रदेश भाजपा में जो किसी काम के नहीं हैं वे ऊंचे ओहदे पर हैं जबकि जो लोग जमीन से जुड़े हुए हैं उन्हें काम करने से रोका जा रहा है।
