patna : महादलित समुदाय के सभी गाँवों/टोलों में विशेष समारोह का आयोजन, समुदाय के सबसे बुजुर्ग करेंगे झण्डोत्तोलन

कार्यक्रम के अनुश्रवण हेतु महादलित टोलों में पदाधिकारियों को किया गया है प्रतिनियुक्त
पटना : जिलाधिकारी, पटना डॉ. चन्द्रशेखर सिंह द्वारा जिले के महादलित समुदायों के गाँवों/टोलों में 15 अगस्त, 2023 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विशेष समारोह आयोजित करने का निदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि विशेष समारोह में महादलित समुदाय के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति द्वारा झण्डोत्तोलन किया जाएगा। ज़िला स्तर से झण्डोत्तोलन कार्यक्रम के अनुश्रवण हेतु महादलित टोलों में पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों द्वारा भी अपने अपने क्षेत्रों में सभी महादलित टोलों में पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। ये सभी पदाधिकारी संबंधित महादलित टोलों में सरकार के निदेशानुसार स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन, झण्डोत्तोलन एवं अन्य कार्यक्रम कराना सुनिश्चित करेंगे।
महादलित टोलों में झण्डोत्तोलन के बाद संबोधन किया जाएगा। इसमें सरकार के लोक कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं, समाज सुधार अभियान के विभिन्न घटकों यथा मद्यनिषेध अभियान, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा का महत्व, इत्यादि विषयों पर लोगों को जागरूक किया जाएगा।