patna : पटना जिला के सभी 45 चार्ज में बिहार जाति आधारित गणना, 2022 के द्वितीय चरण में गणना भौतिक रूप से पूर्ण

vijay shankar
पटना : पटना जिला के सभी 45 चार्ज में बिहार जाति आधारित गणना, 2022 के द्वितीय चरण में सभी परिवारों का गणना से संबंधित आँकड़ों के संकलन का कार्य भौतिक रूप से पूर्ण हो गया है। डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि पोर्टल पर इंट्री कार्य को भी जल्दी पूरा कर जाएगा।
जिला पदाधिकारी, पटना-सह-नोडल पदाधिकारी, जाति आधारित गणना, 2022-सह-प्रधान गणना पदाधिकारी, पटना डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने कहा कि पटना जिले में कुल परिवारों की संख्या 13.69 लाख है। द्वितीय चरण में आज दिनांक 05 अगस्त, 2023 तक शत-प्रतिशत परिवारों का सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है। इस संबंध में प्रतिवेदन भी सरकार को भेज दिया गया है।
डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि सभी प्रगणकों, पर्यवेक्षकों, चार्ज अधिकारियों तथा प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारियों सहित कोषांगों से संबद्ध पदाधिकारियों ने भी अच्छा कार्य किया है। प्रखंडों के सभी वरीय प्रभारी पदाधिकारियों, नोडल पदाधिकारियों तथा अनुमंडल पदाधिकारियों ने क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर गणना कार्य का पर्यवेक्षण किया। उन्होंने भी समय-समय पर क्षेत्रों में भ्रमण कर गणना कार्य का अनुश्रवण किया। सभी पदाधिकारियों ने सरकार के निदेशों के अनुरूप गणना कार्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता देकर शुद्धता एवं गुणवता सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय सीमा में इसे पूर्ण कर अहम भूमिका निभाया है।
गणना कार्य में कुल 12,741 प्रगणक, 2,139 पर्यवेक्षक तथा 45 चार्ज अधिकारी संलग्न है। इसके साथ-साथ सभी 23 प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी तथा जिला-स्तरीय 11 कोषांगों के नोडल पदाधिकारी भी अनुश्रवण कार्य में लगे हुए हैं।
विदित हो कि द्वितीय चरण का कार्य 02 अगस्त, 2023 को पुनः प्रारंभ किया गया था। उससे पूर्व 9,35,507 परिवारों की गणना की गई थी। आज दिनांक 05 अगस्त, 2023 को कुल 1,09,573 परिवारों का सर्वेक्षण किया गया। कल दिनांक 04 अगस्त, 2023 तक 12,59,427 परिवारों की गणना पूर्ण हो गई थी। इस प्रकार विगत चार दिनों में कुल 45 चार्ज में 4,33,493 परिवारों का सर्वेक्षण पूर्ण किया गया। डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि यह एक अच्छी उपलब्धि है एवं सभी संलग्न कर्मी तथा पदाधिकारी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि आँकड़ों की प्रविष्टि मोबाइल ऐप के माध्यम से भी की जा रही है। वैज्ञानिक तरीके से एवं प्रामाणिक ढंग से सूचनाओं का संग्रहण किया गया।