बिमल चक्रवर्ती

धनबाद : भूमि सुधार उप समाहर्ता सतीश चंद्र की अध्यक्षता में आज जिला योजना समिति के 9 सदस्यों का चयन मतदान के द्वारा समाहरणालय के सभागार में किया गया। इस संबंध में भूमि सुधार उप समाहर्ता ने बताया कि जिला योजना समिति सदस्यों का चयन दो चरणों में किया गया। प्रथम चरण में जिला परिषद के 8 सदस्य निर्विरोध चुने गए। वहीं दूसरे चरण में चिरकुंडा नगर परिषद के 20 में से 19 सदस्य उपस्थित हुए। चयन के लिए शमीमा जिया और विजय कुमार यादव चुनाव में खड़े हुए। जिसमें शमीमा जिया को 9 मत और विजय कुमार यादव को 8 मत प्राप्त हुए। वहीं 2 मत रिजेक्ट हुए। जिला परिषद सदस्य से विकास कुमार महतो, मीना हेम्ब्रम, मोहम्मद सोहराब अंसारी, मोहम्मद इसराफील, स्वाति कुमारी, ललिता देवी, संजय कुमार महतो तथा मोहम्मद गुलाम निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुए। मतदान की प्रक्रिया के दौरान भूमि सुधार उप समाहर्ता सतीश चंद्रा, प्रखंड विकास पदाधिकारी एगारकुंड विनोद कुमार करमाकर, जिला परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी रामेश्वर सिंह, पंचायती राज कार्यालय के कार्यालय अधीक्षक शांतनु सरकार, प्रधान लिपिक रमेश तिवारी, सुशील सिन्हा, सोनू कुमार, फनु मोदी, नंदलाल चौहान, सुशील कुमार सिन्हा आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *