बंगाल ब्यूरो
कोलकाता। केंद्रीय विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को कोलकाता मेट्रो में सामान्य यात्रियों की तरह सफर किया है। वह दो दिवसीय दौरे पर बंगाल पहुंचे हैं। अपराह्न के समय दक्षिणेश्वर मेट्रो स्टेशन से वह मेट्रो में सवार हुए। उन्होंने सफेद पोशाक पहना था और उनके साथ उनके केंद्रीय सुरक्षा के जवान भी मौजूद थे। अचानक केंद्रीय मंत्री को अपने बीच देखकर कई लोगों ने उनके साथ सेल्फी की इच्छा जाहिर की जिसे ज्योतिरादित्य ने पूरा किया है। सामान्य यात्रियों के साथ बातें करते हुए वह मेट्रो का सफर कर रहे थे। हालांकि उनकी सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई थी। केंद्रीय बलों के जवानों के अलावा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान भी उनके साथ सफर में थे।
घोषपारा, देशबंधु नगर, कोलकाता में पार्टी की एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की जहाँ पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सघन बातचीत की। क्षेत्र से सम्बंधित उनके विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर उनके निराकरण के लिए रणनीतियां तैयार की। @BJP4India pic.twitter.com/uvU2Y5JITt
— Jyotiraditya M. Scindia (मोदी का परिवार) (@JM_Scindia) July 23, 2022
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले ही उन्होंने जयपुर से कोलकाता के बीच सीधी फ्लाइट का शुभारंभ किया था। उसके बाद शनिवार सुबह के समय वह कोलकाता पहुंचे हैं। यहां हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत में ज्योतिरादित्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल के विकास में हर तरह से मददगार बनने की इच्छा केंद्र सरकार की हमेशा से रही है। राज्य से सहयोग मिले या ना मिले बंगाल के विकास के लिए सतत प्रयास किया जाएगा।
कोलकाता पहुंचने के बाद उन्होंने बारासात के सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की स्थिति पर विस्तार पूर्वक चर्चा हुई है।