प्रदेश जदयू मुख्यालय में कार्यकत्ताओं के दरबार में मंत्री जल संसाधन संजय कुमार झा हुए शामिल
2025 तक हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने पर चल रहा है काम: संजय कुमार झा

नवराष्ट्र मीडिया ब्यूरो 
पटना : जदयू प्रदेश मुख्यालय में शुक्रवार को कार्यकत्ताओं के दरबार में माननीय मंत्री कार्यक्रम में जल संसाधन तथा सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री माननीय श्री संजय कुमार झा जी सम्मिलित हुए। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं को सुन उनका समाधान किया व संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया।

कार्यकत्ताओं के दरबार में मंत्री कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात करते हुए जल संसाधन तथा सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री संजय कुमार झा जी ने कहा कि प्रति वर्ष इस समय तक हमलोग जहां बाढ़ की समस्या से लड़ते थे, वहीं इस वर्ष प्रदेश में अब तक काफी कम वर्षा होने के कारण सूखे की आशंका से ग्रसित हैं, हाँलाकि आने वाले एक सप्ताह में भी पर्याप्त वर्षा हो गयी तो राहत मिलेगी। एक जून से 28 जुलाई तक राज्य में इस वर्ष मात्र 278 मिलीमीटर वर्षा हुई है, जबकि इसी अवधि में विगत वर्ष 474 मिलीमीटर वर्षा हुई थी। मुख्यमंत्री जी ने इसे ध्यान में रखते हुए पूर्व में ही डीजल पर सब्सिडी की घोषणा कर दी है।

उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग सूखे की स्थिति पर लगातार समीक्षा बैठक कर रहे है, ताकि सिंचाई में कोई परेशानी ना हो। उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश सरकार से भी लगातार वार्ता हो रही है और हम फिलहाल 12-13 हजार क्यूसेक पानी प्रतिदिन छोड़ रहे हैं। सभी जगहों पर टेल इंड तक पानी पहुंचे, इसका प्रयास किया जा रहा है। सुपौल जिला के जिलाधिकारी ने मनरेगा के माध्यम से 150 किलोमीटर नहर की उड़ाही का कार्य करवाया है। हम पुरे बिहार में इसके लिए सर्वे करवा रहे हैं। मुख्यमंत्री का कमिटमेंट है कि 2025 चुनाव के पूर्व ही हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जाना सुनिश्चित किया जाए। इस क्रांतिकारी कार्य के लिए जल संसाधन, लघु सिंचाई, कृषि, ऊर्जा एवं पंचायती राज कुल पांच विभाग मिल कर पुरे पूरे जोर-शोर से काम कर रहे हैं।

मंत्री संजय कुमार झा ने श्री आरसीपी सिंह की उपस्थिति में लग रहे नारों के संदर्भ में एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि वहां नारा लगाने वाले लोग जदयू के कार्यकर्ता नहीं है, क्योकि जदयू में सिर्फ एक सर्वमान्य नेता है,  नीतीश  कुमार जो प्रदेश को विगत 16-17 वर्षों में विकास के मार्ग पर ले जाने वाले मुख्यमंत्री है। जिन्होंने पहचान समाप्त हो गए बिहार और बिहारियों की पहचान पुरे देश में पुनः स्थापित की है। जदयू में कोई गुट नहीं है और देश की क्षेत्रीय पार्टियों में यह अकेली पार्टी है जहां परिवारवाद नहीं है। भाजपा द्वारा प्रदेश भर में किये जा रहे कार्यक्रमों के संदर्भ में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हर पार्टी को अपना कार्यक्रम करने का पूरा अधिकार है।
उक्त अवसर पर मुख्यालय प्रभारी उपाध्यक्ष डॉ0 नवीन आर्य चन्द्रवंशी, महासचिव अरुण कुमार सिंह एवं लोक प्रकाश सिंह भी मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *