6 अगस्त को नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष का होगा स्वागत

विजय शंकर 

पटना : बिहार प्रदेश जदयू अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि शुक्रवार, 6 अगस्त 2021 को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह का पटना आगमन होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद वे पहली बार बिहार आ रहे हैं। इस मौके को खास बनाने के लिए इसी दिन दोपहर 2 बजे जदयू मुख्यालय में पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। उत्साहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष के अभिनंदन की भव्य तैयारी में जुटे हैं।

श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि हमें पूर्ण विश्वास है कि श्री ललन सिंह पार्टी को नई मजबूती प्रदान करेंगे। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केन्द्रीय इस्पात मंत्री श्री आरसीपी सिंह ने बूथ तक संगठन को खड़ा कर एक नई लकीर खींची और हम सबके नेता मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के विचारों को नीचे तक पहुंचाया। श्री ललन सिंह उनके कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। उनके पास श्री नीतीश कुमार के साथ काम करने का कई दशकों का समृद्ध अनुभव है। साथ ही उन्होंने लम्बा सार्वजनिक एवं संसदीय जीवन व्यतीत किया है। इसका उपयोग वे दल को आगे बढ़ाने और देश भर में जदयू का विस्तार करने में करेंगे।

 

श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री ललन सिंह ने अपील की है कि समता पार्टी के गठन काल के बाद किसी कारणवश भूले-बिछड़े व असक्रिय सभी पुराने साथी बिहार व देश के लिए आवश्यक जनहितकारी मुद्दों के साथ सक्रिय होकर जनता दल (यूनाइटेड) से जुड़ जाएं। उनके बहुमूल्य विचारों व सुझावों का सम्मान होगा। साथ ही उन्होंने बिहार व देशभर से नई पीढ़ी के ओजस्वी युवा साथियों का आह्वान किया है कि ‘न्याय के साथ विकास’ वाली नीतियों का अक्षरशः पालन करने वाली पार्टी से जुड़ें और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाने में भागीदार बनें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *