Ex mlc ranbir nandan

विजय शंकर

पटना: पूर्व विधान पार्षद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. रणवीर नंदन ने कहा कि आधी आबादी को पूरी आजादी देकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने सही अर्थों में सबका साथ सबका विकास नारे को चरित्रार्थ किया है। ‘महिलाएं ही तो हैं’ से लेकर ‘महिलाएं हैं’ की सोच को विकसित करने में मोदी सरकार ने बड़ी भूमिका निभाई है। पिछले 10 वर्षों के मोदी सरकार के कार्यकाल में महिलाओं को हर क्षेत्र में निर्णय लेने की स्वतंत्रता दी गई है। नतीजा यह हुआ कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। नारी वंदन अधिनियम को मोदी सरकार ने दोनों सदनों से पास कर देश की संसद से लेकर विधानसभा तक में 33 फीसदी आरक्षण देने का फैसला लिया है। इससे महिलाओं के हाथ में अब कानून बनाने की शक्ति भी आने वाली है।
डॉ. नंदन ने कहा कि बिहार में एनडीए के शासन में आने के साथ ही निकायों में महिलाओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण का लाभ दे दिया गया। आज नगर निगम से लेकर ग्राम पंचायत की इकाई तक में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी दिखती हैं। वे अपने स्तर पर विकास से संबंधित फैसले ले रही हैं। केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के आने के बाद उन तमाम सेक्टरों को महिलाओं के लिए खोल दिया गया है, जहां कभी महिलाओं के जाने का सपना था। आज महिलाएं भारतीय सेना का हिस्सा बन रही हैं। फाइटर प्लेन उड़ा रही हैं और नौसैनिक भी बन रही हैं।
प्रो. रणवीर नंदन ने कहा कि प्रधानमंत्री का मानना है, मान-सम्मान की बुनियाद घर है। वहीं से महिलाओं के सशक्तिकरण की शुरुआत होती है। उनके सपनों को उड़ान मिलती है। पीएम आवास योजना से लेकर शौचालय योजना तक ने महिलाओं को घरों में आत्मसम्मान से भरा है। स्वनिधि योजना के तहत गरीब परिवार की महिलाएं और बहनें विकास से जुड़ी हैं। लाखपति दीदी योजना के तहत ग्रामीण महिलाओं को आय से जोड़कर उन्हें लाखपति बनाने पर जोर दिया जा रहा है। अब तक एक करोड़ लाखपति दीदी बनाने में सफलता मिली है। आने वाले समय में तीन करोड़ लाखपति दीदी का लक्ष्य तय किया गया है। यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था से लेकर महिलाओं के बीच अर्थतंत्र को मजबूत बनाने में सहायक होगा।
डॉ. नंदन ने कहा कि मोदी सरकार ने महिलाओं के विकास को ध्यान में रखकर उज्ज्वला योजना की शुरुआत की। देश के 10 करोड़ से अधिक परिवार की महिलाओं को आज धुएं पर खाना बनाने से मुक्ति मिली है। इस योजना के तहत उनके घरों में सिलेंडर आया है। वह गैस सिलेंडर जिसे लेने के लिए लोगों को लंबी लाइन लगानी पड़ती थी, आज गरीब परिवार की महिलाओं को मुफ्त में दी जा रही हैं। आयुष्मान भारत योजना ने महिलाओं के स्वास्थ्य की चिंता की है। यह बदलता भारत है। यह मोदी की गारंटी वाला देश है, जिसमें आधी आबादी को पूरी आजादी हासिल है। उनके उड़ने के लिए खुला आसमान इसी सरकार ने दिया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *