प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश कुशवाहा का गोपालगंज दौरा
विजय शंकर
पटना । बिहार प्रदेश जदयू के अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने आज गोपालगंज स्थित किसान भवन में कार्यकर्ता बैठक की। इस दौरान अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने बिहार को विकसित प्रदेश बनाने का बीड़ा उठाया है, हमलोगों को उनका हाथ मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि 2005 में उन्हें अंधेरे में डूबा बिहार मिला था और आज बिहार का कोई कोना नहीं है जहाँ विकास की किरण नहीं पहुंची हो। उन्होंने गांधी, जेपी, लोहिया, अंबेडकर और कर्पूरी के विचारों को मूर्त रूप देकर बिहार में न्याय के साथ विकास का सपना साकार किया।
श्री उमेश कुशवाहा ने कहा कि संगठन को नीचे तक धार देना मेरी प्राथमिकता है। श्री नीतीश कुमार के विचारों में आस्था रखने वाले एक-एक व्यक्ति तक हमें पहुंचना है और उनके सुख-दुख का हिस्सा बनना है। कार्यकर्ताओं से उन्होंने कहा कि वे पार्टी के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ दें। पार्टी सबके मान-सम्मान का ख्याल रखेगी।
श्री उमेश कुशवाहा ने गोपालगंज दौरे के क्रम में वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री कामेश्वर सिंह एवं श्री रामपुकार सिंह कुशवाहा के घर पर भेंटवार्ता भी की। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व मंत्री मोतीलाल कानन जी की पहली पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में भी भाग लिया।