जननायक कर्पूरी ठाकुर जन्मशताब्दी समारोह को लेकर प्रदेशभर की जनता में उत्साह 

नवराष्ट्र मीडिया ब्यूरो

पटना : पटना के वेटनरी काॅलेज मैदान में जद(यू0) द्वारा आगामी 24 जनवरी को प्रस्तावित जननायक कर्पूरी ठाकुर जन्मशताब्दी समारोह को सफल बनाने के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने सारण जिला के दरियापुर प्रखंड में जिला के पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ तैयारी बैठक की। इस बैठक में कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं भव्यतम बनाने के लिए ठोस रणनीति बनाई गई। साथ ही तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में पार्टी के मा0 प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि आज जननायक कर्पूरी ठाकुर के समतावादी विचारों को जीवित रखने की जिम्मेदारी जनता दल (यू0) के कंधे पर है। उनके जयंती समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करें और पूरे तन-मन से तैयारी में लग जाएं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर की जन्मशताब्दी समारोह को लेकर सिर्फ पार्टी के कार्यकर्ताओं में ही नहीं बल्कि प्रदेशभर के अतिपिछड़ा समाज में भी भारी उत्साह और जोश का माहौल है। 24 जनवरी को बिहार के सभी जिले, प्रखंड एवं पंचायत से लाखों की संख्या में लोग शामिल होने पटना आएंगे और हमें पूरा विश्वास है कि इस कार्यक्रम की सफलता इतिहास के पन्नों में दर्ज होगी।
श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि सारण लोकनायक जयप्रकाश नारायण और डाॅ0 राजेंद्र प्रसाद की जन्मभूमि रही है। स्वतंत्रता के आंदोलन से लेकर संपूर्ण क्रांति के आंदोलन में सारण के लोगों ने अग्रणी भूमिका निभाई है। इसलिए पार्टी एवं हमारे नेता श्री नीतीश कुमार को सारण जिला के कार्यकर्ताओं से अधिक अपेक्षा है। प्रदेश अध्यक्ष ने आह्वान किया कि 24 जनवरी को कर्पूरी ठाकुर की जन्मशताब्दी समारोह में लाखों की संख्या में शामिल होकर विरोधियों को अपनी सामाजिक एकजुटता एहसास कराएं और आरक्षण विरोधी भाजपा सरकार को केंद्र की सत्ता से उखाड़ फेंकने का संकल्प लें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *