बंगाल ब्यूरो
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सरकार गठन के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही भारतीय जनता पार्टी ने अब चुनाव प्रचार के लिए शिवराज सिंह चौहान को बुलाने का निर्णय लिया है। प्रदेश भाजपा की ओर से शनिवार को जारी बयान में बताया गया है कि रविवार को भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन रैली में शिवराज सिंह चौहान हिस्सा लेंगे। राजधानी कोलकाता से सटे हावड़ा जिले में उनके शामिल होने की योजना है। यह हिंदी भाषी क्षेत्र है। प्रदेश भाजपा की ओर से बताया गया है कि आज यानी शनिवार रात को ही वह कोलकाता पहुंच जाएंगे। कोलकाता रवानगी से पहले मध्य प्रदेश में मीडिया से बात करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने दावा किया है कि इस बार बंगाल की सत्ता से ममता बनर्जी की विदाई तय है। भाजपा की सरकार बनेगी।
प्रदेश महासचिव संजय सिंह ने बताया कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री चौहान रविवार की सुबह कालीघाट शक्तिपीठ और दक्षिणेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वहां आयोजित होने वाले पौधारोपण कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके बाद कोलकाता के पास धुलागोरी मोड़ से हावड़ा साउथ तक आयोजित होने वाली परिवर्तन रैली में शामिल होंगे। रैली के समापन पर एक जनसभा को भी संबोधित करने वाले हैं। कोलकाता रवानगी से पहले मीडिया से मुखातिब चौहान ने कहा कि बंगाल की जनता ममता बनर्जी से त्रस्त है। वहां लगातार भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को मौत के घाट उतारा जा रहा है। यह इस बात का संकेत है कि ममता दीदी घबरा गई हैं और वह बौखलाई हुई हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल में पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनेगी।