बिमल चक्रवर्ती
धनबाद : झारखंड ई-रिक्सा टोटो संघ के तत्वाधान धनबाद जिला वार्षिक अधिवेशन धैया स्थित आमंत्रण गार्डन में शुक्रवार को आयोजित की गई। उक्त कार्यक्रम में मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता एवं विशिष्ट अतिथि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के उपाध्यक्ष सह झारखंड प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के चेयरमैन ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह मुख्य रूप से उपस्थित थे। उक्त कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के सचिव सह झारखंड इ-रिक्सा टोटो संघ के संरक्षक वैभव सिन्हा ने किया। कार्यक्रम में पहुंचे हजारों की संख्या मे टोटो चालकों एवं संघ के पदाधिकारियों ने गाजे-बाजे के साथ पटाखा फोडते हुए गुलदस्ता एवं 51 किलो का फूल माला पहनाकर मंत्री बन्ना गुप्ता का जोरदार स्वागत किया। झारखंड सरकार के मंत्री बन्ना गुप्ता भी खुद टोटो चला कर अधिवेशन स्थल पर पहुंचे और टोटो चालकों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि शहरी परिवहन व्यवस्था में टोटो एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। लेकिन रिक्शा एवं टोटो चालकों के अधिकारों एवं दैनिक परेशानियों के प्रति अगर जिला प्रशासन असंवेदनशील है जो यह एक बहुत ही गंभीर विषय है। सड़कों पर लगने वाले जाम का एक बहुत बड़ा कारण सड़कों पर अतिक्रमण भी है। लेकिन अक्सर सड़कों पर लगने वाले जाम के लिए टोटो रिक्शा चालकों को ही दोषी बताया जाता है जो बिल्कुल अनुचित है। आगे उन्होंने कहा प्रशासन द्वारा पार्किंग तथा चार्ज के लिए जल्द ही जगह चिन्हित कर व्यवस्था करने के लिए निर्देश दिया जायेगा। साथ ही जिला प्रशासन से टोटो चालकों की दैनिक समस्याओं का निराकरण अविलंब करने के लिए अनुमंडल पदाधिकरी को दूरभाष पर निर्देश दिया गया। उन्होने आश्वाशन दिया की टोटो से एक साथ 15 वर्षो का टैक्स लिए जाने का विषय भी बहुत बड़ा है और वे जल्द झारखंड सरकार के परिवहन मंत्री से चर्चा करेंगे। कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सह झारखंड प्रदेश अनुशासन समिति के चेयरमैन ब्रजेन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि टोटो रिक्शा चालक भी समाज के ही एक अंग हैं और क्षेत्र के विकास में भी एक बड़ी भूमिका निभाते हैं।
रेलवे स्टेशन बस पड़ाव बाजारों से लेकर लोगों के घरों के दरवाजे तक डोर टू डोर कनेक्टिविटी टोटो रिक्शा चालकों द्वारा ही दी जाती है। आगे उन्होने कहा कि अगर टोटो से 15 वर्षो का टैक्स लिया जाता है तो फिटनेस के लिए भी हर वर्ष की अनिवार्यता समाप्त होनी चाहिए। कार्यालय में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव सह टोटो संघ के संरक्षक वैभव सिन्हा ने कहा कि जिला प्रशासन से आग्रह किया कि जल्द से जल्द एक बैठक बुलाई जाए और टोटो रिक्शा चालकों को आए दिन होने वाली समस्याओं के स्थाई समाधान की पहल की जाए।कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक, जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह, टोटो संघ के संरक्षक बैभव सिन्हा, जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, संतोष कुशवाहा,टोटो संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव, संस्थापक मुन्ना कुशवाहा, रवि साव, रतीलाल महतो, पप्पू सिंह , प्रभात सुरोलिया आदि अन्य उपस्थित थे।