बंगाल ब्यूरो

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी से भी भी बड़ा जनाधार रखने वाले अधिकारी परिवार का एक और सदस्य ममता बनर्जी का साथ छोड़कर भाजपा में शामिल हो गया है। हाल ही में तृणमूल छोड़कर अमित शाह के मंच पर भाजपा की सदस्यता लेने वाले राज्य के कद्दावर नेता और पूर्व परिवहन मंत्री शुभेंदु अधिकारी के भाई और कांथी नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन सोमेंदु ने शुक्रवार को भाजपा की सदस्यता ली है। पूर्व मेदिनीपुर के कांथी में भाजपा ने “योगदान मेला” कार्यक्रम का आयोजन किया था जहां शुभेंदु अधिकारी ने संबोधन किया। इसी दौरान सोमेंदु ने उन्हीं के हाथ से भाजपा की सदस्यता ली। उनके साथ कांथी नगरपालिका के और 14 पूर्व पार्षदों ने भी भाजपा का दामन थामा है। अब इस नगरपालिका में तृणमूल कांग्रेस के केवल छह पूर्व पार्षद रह गए हैं। दरअसल इस नगरपालिका पर पिछले 50 वर्षों से अधिकारी परिवार का ही कब्जा रहा है। कोरोना संकट के समय नगरपालिका बोर्ड की मियाद खत्म हो गई थी जिसके बाद राज्य सरकार ने नगर पालिका के चेयरमैन सौमेंदु अधिकारी को ही प्रशासक के तौर पर नियुक्त कर दिया था। लेकिन गत 19 दिसंबर को जब शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा की सदस्यता ले ली तब उनके परिवार के सभी सदस्यों को तृणमूल कांग्रेस संदेह की निगाह से देख रही थी। गत मंगलवार को ही शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम के निर्देश पर सोमेंदु को बिना किसी कारण कांथी नगर पालिका के प्रशासक पद से हटाकर किसी और को नियुक्त कर दिया गया।

इसे लेकर अधिकारी परिवार की नाराजगी और अधिक बढ़ गई थी। शुभेंदु अधिकारी के एक और भाई और तृणमूल सांसद दिव्येंदु अधिकारी ने इस बारे में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस कदम का कारण पूछा था लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके अलावा शुभेंदु अधिकारी के पिता और सांसद शिशिर अधिकारी ने भी ममता बनर्जी पर सवाल खड़ा किया और चेतावनी दी है कि उन्हें इसका परिणाम भुगतना होगा। उसके बाद शुक्रवार को अब सौमेंदु ने भाजपा की सदस्यता ले ली है। उनके साथ तृणमूल के 14 पूर्व पार्षदों के शामिल हो जाने के बाद इस नगर पालिका में वैसे तो बोर्ड नहीं है लेकिन 21 सदस्यों वाली प्रशासक मंडली में केवल छह तृणमूल सदस्य रह गए हैं। इसलिए माना जा रहा है कि नगरपालिका में भी जल्द ही प्रशासक मंडली को भंग करना पड़ सकता है। वैसे भी सौमेंदु को पद से हटाए जाने के बाद हाईकोर्ट में इसके खिलाफ याचिका लगाई गई है जिस पर चार जनवरी को सुनवाई होगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *