बिमल चक्रवर्ती

धनबाद : धनबाद स्थित डीएवी कोयलानगर में दो दिवसीय डीएवी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता समारोह का आयोजन किया गया। इस विशिष्ट अवसर के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बीसीसीएल के प्रबंध निर्देशक समीरन दत्ता, झारखंड जोन-सी के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ.के.सी. श्रीवास्तव, विद्यालय के प्राचार्य एन.एन. श्रीवास्तव और झारखंड जोन- सी के विभिन्न विद्यालयों से आए हुए प्राचार्य गण, खेल शिक्षक व अनुरक्षक शिक्षक एवं विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी गण तथा छात्र- छात्राएं विशेष रूप से उपस्थित थे। सर्वप्रथम झारखंड जोन-सी के क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ. के.सी. श्रीवास्तव व विद्यालय के प्राचार्य एन.एन. श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया तथा उन्हें शाल ओढ़ाकर व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही विद्यालय के प्राचार्य ने विभिन्न विद्यालयों से आए हुए प्राचार्यों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। विद्यालय के प्राचार्य एन.एन. श्रीवास्तव ने अपने स्वागत संबोधन में मुख्य अतिथि बीसीसीएल के प्रबंध निर्देशक समीरन दत्ता, झारखंड जोन- सी के क्षेत्रीय पदाधिकारी के.सी. श्रीवास्तव तथा विभिन्न विद्यालयों से आए हुए प्राचार्यों का अभिनंदन किया। उन्होंने डीएवी. राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता पर विस्तार से चर्चा की तथा खेल के प्रति छात्र-छात्राओं को प्रेरित व उत्साहित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से किया गया। तत्पश्चात आयोजन के मुख्य अतिथि ने खेल ध्वज को फहराकर कार्यक्रम की शुरुआत की। गौरतलब है कि उक्त अवसर पर विद्यालय के खेल कप्तान मयंक कुमार ने इस दो दिवसीय डीएवी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के तहत निष्पक्ष व खेल भावना का पूर्ण निर्वहन करने की शपथ ली। इस विशेष अवसर पर मां दुर्गा की स्तुति व नवरात्रि पर केंद्रित विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की गई। जिसने समस्त दर्शकों को भाव विभोर कर दिया। मौके पर उपस्थित बीसीसीएल के प्रबंध निर्देशक ने इस खेल प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें शुभकामनाएं दी।साथ ही समस्त विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय प्रत्येक क्षेत्र में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करता रहा है तथा आगे भी डीएवी के मानवर्धन में अपना योगदान देता रहेगा। इस विशिष्ट अवसर पर झारखंड जोन- सी के क्षेत्रीय पदाधिकारी ने अपने संबोधन में इस तरह के खेल प्रतियोगिताओं के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चे विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपने सपने को साकार कर समाज में अपनी एक विशिष्ट जगह सुनिश्चित करने में सफल हो सकते हैं। साथ ही उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यालय विगत 22 वर्षों से धनबाद क्षेत्र में शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक क्षेत्र में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सफलता का परचम लहरा रहा है। विगत 22 वर्षों में यह विद्यालय अपनी बाल्यावस्था से किशोरावस्था व युवावस्था तक की स्वर्णिम यात्रा तय की है।उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल होने वाली सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी। गौरतलब है कि इस खेल प्रतियोगिता में झारखंड जोन- सी के 15 विद्यालयों से आए हुए 377 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। जिसमें मुख्य रूप से योगा, बॉक्सिंग, चेस, टेबल टेनिस, बैडमिंटन शामिल हैं। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका कविता विकास एवं मौसमी दास ने किया। शतरंज के स्पर्धा में बालिकाओं के वर्ग में डीएवी वी एन एस गिरिडीह विजेता घोषित हुआ। वहीं डीएवी पब्लिक स्कूल सरिया उप विजेता रही टेबल टेनिस में बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में डीएवी कोयला नगर एवं बी. एन. एस. डीएवी गिरिडीह की टीमें फाइनल में पहुंची है, डीएवी राष्ट्रीय खेल के दूसरे दिन सभी स्पर्धाओं के फाइनल राउंड खेले जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *