बंगाल ब्यूरो
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने तय कार्यक्रम के तहत राज्य विधानसभा में गुरुवार अपराह्न 2:00 बजे विधायक के तौर पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, जाकिर हुसैन और अमीरुल इस्लाम को शपथ पाठ कराया है। गत 30 सितंबर को हुए उपचुनाव में ममता बनर्जी ने भवानीपुर से जीत दर्ज की है जबकि अमीरुल और जाकिर ने क्रमशः शमशेरगंज और जंगीपुर से चुनाव जीता है। 1:45 बजे के करीब राज्यपाल विधानसभा में पहुंच गए थे। यहां विधानसभा अध्यक्ष विमान बनर्जी के अलावा उक्त तीनों विधायक और भाजपा छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए मुकुल रॉय पहले से मौजूद थे। यहां संवैधानिक नीति के मुताबिक राज्यपाल में पहले ममता बनर्जी को और बाद में अन्य दोनों विधायकों को शपथ पाठ कराया। ऐसा पहली बार हुआ है जब राज्यपाल ने किसी विधायक को शपथ पाठ कराया हो। अमूमन ऐसा होता है कि विधायक के तौर पर जीतने वालों को राज्यपाल के मनोनीत प्रतिनिधि के तौर पर विधानसभा अध्यक्ष शपथ पाठ कराते हैं। हालांकि बंगाल में राज्यपाल ने विशेषाधिकार अधिसूचना जारी कर विधानसभा अध्यक्ष से यह अधिकार छीन लिया है। इसीलिए सबसे पहले जब राज्य सरकार की ओर से ममता की जीत के बाद शपथ ग्रहण के लिए आज यानी गुरुवार को 11:45 बजे का समय दिया गया था तब राज्यपाल ने इंतजार करने को कहा था। हालांकि बाद में राजपत्र मिल जाने के बाद राज्यपाल ने शपथ ग्रहण की सहमति दी लेकिन समय को बढ़ाकर अपराह्न 2:00 बजे कर दिया था। उसी तय कार्यक्रम के मुताबिक शपथ पाठ हुआ है। शपथ ग्रहण से पहले विधानसभा पहुंची मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अन्य नेताओं के साथ मिलकर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया था। उसके बाद राज्यपाल ने उन्हें शपथ दिलाई। तीनों ही विधायकों ने बांग्ला में विधायक पद की शपथ ली है।