*जिलाधिकारी ने ईद मिलाद–उन–नबी एंव विश्वकर्मा पूजा, 2024 से संबंधित विधि व्यवस्था को लेकर किया ब्रीफिंग

सुबोध ब्यूरो,किशनगंज

किशनगंज। जिलाधिकारी विशाल राज एंव पुलिस अधीक्षक सागर कुमार के अध्यक्षता में आगामी ईद मिलाद–उन–नबी एंव विश्वकर्मा पूजा को लेकर विधि व्यवस्था से संबंधित ब्रीफिंग किया गया।

ईद मिलाद–उन–नबी दिनांक 16.09.2024 एंव विश्वकर्मा पूजा दिनांक 17.09.2024 को मनाए जाने की सूचना है।

ईद मिलाद–उन–नबी का पर्व पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस पर मनाया जाता है। इस दिन मुस्लिम समुदाय के लोगों के द्वारा पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के सम्मान में जलसा आयोजन, कुरान शरीफ का पाठ किया जाता है तथा एक जगह एकत्रित होकर पैगंबर साहब के संबंध में चर्चाएं की जाती है। इस अवसर पर कहीं-कहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों/जुलूस का भी आयोजन किया जाता है।

विश्वकर्मा पूजा में भगवान विश्वकर्मा की मूर्ति स्थापित कर पूजा अर्चना की जाती है। कहीं कहीं पंडाल भी लगाए जाते हैं। पूजा उपरांत अगले दिन स्थापित मूर्ति का विसर्जन निकटवर्ती तालाबों, पोखरों, एंव नदियों में जुलूस के रूप में गाजे बाजे के साथ किया जाता है।

उक्त पर्वों के अवसर पर जुलूस में कतिपय असामाजिक तत्वों के द्वारा धार्मिक उन्माद वाले नारे लगाने से इंकार नहीं किया जा सकता है। विधि व्यवस्था की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है।

उपर्युक्त परिप्रेक्ष्य में जिलाधिकारी एंव पुलिस अधीक्षक द्वारा विधि व्यवस्था कायम रखने हेतु संबंधित अधिकारियों के साथ ब्रीफिंग की गई।

जिलाधिकारी एंव पुलिस अधीक्षक के संयुक्त आदेश से कुल 316 स्थलों पर दंडाधिकारी एंव पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।

जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारी/अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना अध्यक्ष को पर्व को शांतिपूर्वक संपन्न कराने हेतु अपने-अपने क्षेत्र में स्थिति पर सख्त निगरानी रखने का निदेश दिया।

पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित पदाधिकारी/दंडाधिकारी को सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाले तथा अफवाह फैलाने वाले तत्वों, संस्थाओं और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया।

जिला संयुक्त आदेश में उल्लेखित है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु उक्त पर्व के अवसर पर गुप्त सूचना संग्रहण करना स्थानीय पदाधिकारी का महत्वपूर्ण दायित्व होगा। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी प्रकार की महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त होती है तो उस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसकी सूचना तुरंत एसडीएम एवं डीएसपी को देना सुनिश्चित करेंगे।

जिलाधिकारी ने सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी को अपने-अपने प्रभार के प्रखंड में उक्त पर्व को प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थाना अध्यक्ष से संपर्क स्थापित करते हुए शांतिपूर्ण संपन्न करना सुनिश्चित करेंगे। अगर किसी भी प्रकार के तनाव/ घटना होने की सूचना मिलती है अविलंब स्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करेंगे।

उक्त पर्व के मौके पर समाहरणालय में 15.09.2024 से लेकर 19.09.2024 तक जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा जिसका दूरभाष संख्या : 06456- 225152 है।

ईद मिलाद–उन–नबी के अवसर पर 02 जुलूस निकाला जा रहा है जिसका रूट मैप तैयार कर लिया गया है। जुलूस जिन जिन जगहों से गुजरेगी वहां सुरक्षा कारणों से बिजली कट कर दी जाएगी।

उक्त पर्व के मौके पर वरीय प्रभारी पदाधिकारी के रूप में अमरेंद्र कुमार पंकज, अपार समाहर्ता तथा अशोक कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (मुo) रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *